श्रीनगर। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) का श्रीनगर इकाई सम्मेलन शुक्रवार को सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में मुख्य वक्ता भाकपा (माले) लिबरेशन के राज्य सचिव इंद्रेश मैखुरी ने शिक्षा के निजीकरण, पेपर लीक, महिला अधिकारों, छात्र हितों और विश्वविद्यालयों में छात्र राजनीति की भूमिका पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव और पद हासिल करना नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार, समानता और लोकतांत्रिक अधिकारों के सवाल उठाना होना चाहिए। सम्मेलन में सर्वसम्मति से नई नगर कार्यकारिणी का गठन किया गया, जिसमें प्रीति वर्मा को नगर अध्यक्ष और प्रिंस वर्मा को नगर सचिव चुना गया। जिया और हार्दिक को उपाध्यक्ष, जबकि तनिष्क, सतीश, हर्षिकांत, आयशा एवं लक्ष्मीपति बालाजी को सह-सचिव की जिम्मेदारी दी गई। आकाश व मयंक को मीडिया समन्वयक बनाया गया। साथ ही 15 सदस्यीय नगर कार्यकारिणी गठित की गई। नई कार्यकारिणी ने छात्र अधिकारों, छात्रवृत्ति, रोजगार, महिला सुरक्षा और परिसर में लोकतांत्रिक वातावरण को मजबूत करने के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।







