देवप्रयाग।
देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। क्षेत्र के चार महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के नव निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए शासन की ओर से कुल 513.33 करोड़ रुपये के शासनादेश (GO) स्वीकृत किए गए हैं। इससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही सड़क सुविधा से जुड़ी मांगों को पूरा करने का रास्ता साफ हुआ है।
स्वीकृत कार्यों में जाखेड़–सुमाड़ी–कपरोली मोटर मार्ग का नव निर्माण, कक्कड़पाली–बागपानी होते हुए लूसी मोटर मार्ग का नव निर्माण, बागवान–जामणीखाल मोटर मार्ग के भल्डियाना नामे शिव मंदिर से ग्राम भल्डियाना तक लिंक मोटर मार्ग का निर्माण तथा दुगड्डा–सौड़ू–पीपलीधार मोटर मार्ग से खजरा डागर तक लिंक मोटर मार्ग का सुधारीकरण शामिल है।
इन मोटर मार्गों के निर्माण और सुधारीकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी।
इस स्वीकृति को देवप्रयाग विधानसभा के सड़क नेटवर्क को मजबूत करने और ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
हालांकि, जारी विवरण के अनुसार चारों कार्यों की अलग-अलग स्वीकृत धनराशि का उल्लेख नहीं किया गया है।






