बरेली के पांच युवक थे कार में सवार,
नैनीताल। उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कैंची धाम के समीप निगलाट क्षेत्र में बुधवार देर रात एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। यहां बरेली से आए पांच युवकों की स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 12 नवंबर की मध्यरात्रि आपदा नियंत्रण कक्ष नैनीताल को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट खैरना से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम खाई और रात के अंधेरे के बीच जवानों ने कड़ी मशक्कत करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहन में फंसे चार घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भवाली पहुंचाया गया।
वहीं, हादसे में कार चालक अनुज तिवारी (29 वर्ष), पुत्र लक्ष्मी नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली की मौके पर ही मौत हो गई। एसडीआरएफ ने उनका शव खाई से बाहर निकालकर आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
हादसे में घायल युवक:
सनी (23 वर्ष), पुत्र तेजराम, निवासी ग्राम मिल कॉपर, बरेली।
रवि, पुत्र दिनेश मौर्य, निवासी बरेली।
संचित, पुत्र हृदय नारायण तिवारी, निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली।
संदीप शर्मा, पुत्र रामकुमार शर्मा, निवासी बरेली।
मृतक चालक: अनुज तिवारी (29 वर्ष), निवासी ग्राम शेखपुर, बरेली।
रात के अंधेरे में करीब 200 मीटर गहरी खाई में चलाया गया यह रेस्क्यू अभियान एसडीआरएफ जवानों की तत्परता और साहस का परिचायक रहा। हादसे ने एक बार फिर पर्वतीय मार्गों पर सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की आवश्यकता को रेखांकित किया है।






