देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह राज्य के लिए उत्साहजनक संकेत है। सरकार प्रवासी उत्तराखंडियों को उनके पैतृक गांवों से जोड़ने के साथ ही उनके अनुभव, ज्ञान और कौशल का लाभ प्रदेश के विकास में लेने का प्रयास कर रही है।शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रतिवर्ष प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए सम्मेलन आयोजित करती है। इसके माध्यम से देश-विदेश में रह रहे उत्तराखंडियों को अपनी जड़ों, पैतृक गांवों, संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने कहा कि कई प्रवासी अपने गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान दे रहे हैं। सरकार प्रवासियों से मिलने वाले सुझावों को विकास योजनाओं में शामिल करने का प्रयास कर रही है।

शीतकालीन यात्रा की तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन यात्रा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शीतकाल में उत्तराखंड आकर चारधामों के शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शीतकाल में चारधामों के कपाट बंद होने के बाद भगवान की पूजा उनके शीतकालीन गद्दी स्थलों पर विधि-विधान से होती है। इन स्थलों का धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व भी उतना ही है।
दो अग्निवीरों को पीएसी में समायोजन की मंजूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल की सेवा के बाद सेना से बाहर आने वाले अग्निवीरों को आरक्षण देने का वादा सरकार पूरा कर रही है। पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि हर सैनिक का सम्मान करना प्रदेश की परंपरा है।






