कीर्तिनगर। थाना क्षेत्र के जियालगढ़ में शुक्रवार सुबह एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार 78 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि चालक और उनकी पत्नी सुरक्षित बच गए।
कीर्तिनगर कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक केएल आर्य ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे होटल पिकनिक के पास कार के खाई में गिरने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पेड़ों के बीच फंसी कार से तीनों सवारों को रेस्क्यू कर बाहर निकाला। हादसे में किशनलाल (58) और उनकी पत्नी ममता कपरवान (52) सुरक्षित रहे, जबकि उनकी मां शंकरी देवी (78) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को 112 सेवा के माध्यम से श्रीकोट स्थित बेस अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।






