ब्यूरो। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने मेला आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक रूप से जोड़ता आ रहा है। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं।
शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये से पिथौरागढ़ में सर्किट हाउस निर्माण, 13.38 करोड़ की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ की खोतिला एवं घाटधार बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण भी किया।
इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक बिशन सिंह चुफाल, हरीश धामी, महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित भारत और नेपाल के जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे। मेले में दोनों देशों के व्यापारियों ने भी प्रतिभाग किया।






