जयकारों से गूंजा ओंकारेश्वर मंदिर, अब यहीं होगी शीतकालीन पूजा-अर्चना
रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल-विग्रह उत्सव डोली शुक्रवार को शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंच गई। डोली के मंदिर पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भव्य स्वागत किया। इस दौरान बाबा केदार के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
केदारनाथ धाम के कपाट 11 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद होने के बाद बाबा की डोली ने ऊखीमठ के लिए प्रस्थान किया था। यात्रा के पहले दिन डोली रामपुर में रात्रि प्रवास के लिए रुकी, जबकि 12 नवंबर को विश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी में रात्रि विश्राम किया। शुक्रवार सुबह गुप्तकाशी से रवाना होकर डोली ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर पहुंची।
डोली के शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने के साथ ही अब भगवान केदारनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना और धार्मिक परंपराओं का निर्वहन ओंकारेश्वर मंदिर में किया जाएगा।






