श्रीनगर, गढ़वाल । बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला एवं विकास प्रदर्शनी-2026 को डिजिटल सुविधा से जोड़ने के लिए नगर निगम ने विशेष क्यू आर कोड लॉन्च किया है। 23 नवंबर से 2 दिसंबर तक आयोजित होने वाले मेले में श्रद्धालु और पर्यटक क्यू आर कोड स्कैन कर कार्यक्रमों की सूची, तिथि, समय-सारणी और मेला स्थल की गूगल लोकेशन प्राप्त कर सकेंगे।मंगलवार को नगर निगम कार्यालय में महापौर आरती भंडारी ने क्यू आर कोड लॉन्च करते हुए कहा कि इस पहल से मेले में आने वाले लोगों को कार्यक्रमों की जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मोबाइल से कोड स्कैन करते ही सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध हो जाएंगी। इससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी।उन्होंने कहा कि बैकुण्ठ चतुर्दशी मेला श्रीनगर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। पारंपरिक मेले की गरिमा बनाए रखते हुए आधुनिक तकनीक के माध्यम से व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।मौके पर नगर आयुक्त नूपुर वर्मा, सहायक नगर आयुक्त गायत्री बिष्ट, पार्षद आदि मौजूद रहे।






