देवप्रयाग। विकासखंड हिंडोलाखाल के अंतर्गत स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर पलेठी वनगढ़ के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा संख्या 76/2025 के तहत स्वीकृत इस कार्य पर 98.59 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
मंदिर के सौंदर्यीकरण की स्वीकृति और शिलान्यास से क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जा रही है। कार्य पूरा होने के बाद मंदिर परिसर का स्वरूप निखरेगा। साथ ही क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को पहचान मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के साथ धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जनता की मांगों के अनुरूप क्षेत्र में विकास कार्यों को लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र बिष्ट, ग्राम प्रधान भगवान सिंह रावत, रोशनी चमोली, छात्र पंचायत से प्रदीप रौथाण, मंदिर समिति अध्यक्ष रमेश चंद, ग्राम प्रधान प्रकाश रावत, दलवीर सजवाण, मेल सिंह और सरोज थपलियाल सहित जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए विधायक और प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।






