जोशीमठ। श्री बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद आदि गुरु शंकराचार्य भगवान की पावन गद्दी (डोली) और श्री गरुड़ जी महाराज की प्रतिमा वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ शीतकालीन पूजा स्थल श्री नरसिंह मंदिर परिसर, ज्योतिर्मठ पहुंची। नगर आगमन पर स्थानीय श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने पुष्पवर्षा एवं मंगल ध्वनि के साथ पावन गद्दी का भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज भी शुभ मुहूर्त में नरसिंह मंदिर परिसर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की। ज्योतिर्मठ की मातृशक्ति की ओर से श्रद्धापूर्वक तैयार किए गए एक हजार रोट शंकराचार्य ने श्री विष्णु सहस्रनाम के पावन नामों के साथ भगवान के श्रीचरणों में अर्पित किए।
इसके बाद शंकराचार्य ने मंदिर परिसर में विराजमान श्री गरुड़ जी, श्री गणेश जी, भगवान सूर्यदेव, माता महाकाली, भगवान शिव, श्री भैरव जी, मां नवदुर्गा भवानी, भगवान गौरी-शंकर, भगवान वासुदेव, क्षेत्रपाल भैरव, श्री तिमुंडिया वीर और श्री हनुमान जी के दर्शन कर विधिवत पूजन किया। उन्होंने आदि गुरु शंकराचार्य की पावन गद्दी का पूजन कर वहां स्तुति गान भी किया। इस दौरान अद्वैत वेदांत के सिद्धांत ‘ब्रह्म सत्यं जगन्मिथ्या’ का स्मरण किया गया।
मां महालक्ष्मी के पूजन के बाद भगवान बदरीविशाल के शीतकालीन पूजन स्थल नरसिंह मंदिर में सामूहिक पूजा-अर्चना और आरती की गई। कार्यक्रम के अंत में शंकराचार्य ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।
उल्लेखनीय है कि ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य प्रतिवर्ष भगवान बदरीविशाल के कपाट बंद होने के अवसर पर उपस्थित होकर विशेष पूजा-अर्चना संपन्न करते हैं। इस वर्ष भी इसी सनातन परंपरा का निर्वहन किया गया।






