देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में लोकपर्व इगास की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ इगास पर्व मनाया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक रूप से भैलो खेलकर उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं का निर्वहन किया। कार्यक्रम में लोकगीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से पहाड़ की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायकगण, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को इगास पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इगास उत्तराखंड की लोक संस्कृति, आस्था और सामूहिक उल्लास का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपनी जड़ों, मिट्टी और पूर्वजों की गौरवशाली विरासत से जोड़ता है। लोकपर्व हमारी सांस्कृतिक पहचान के साथ सामाजिक एकजुटता और पारंपरिक जीवन मूल्यों को भी मजबूत करते हैं।उन्होंने कहा कि आधुनिकता के दौर में अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को इगास, हरेला, फूलदेई, घी संक्रांति और उत्तरायणी जैसे लोकपर्वों के महत्व से परिचित कराना जरूरी है, ताकि बच्चे और युवा अपनी संस्कृति को समझें और उस पर गर्व कर सकें।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति के संरक्षण में प्रवासी उत्तराखंडियों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। देश-दुनिया में रह रहे प्रदेशवासी पारंपरिक त्योहारों के आयोजन के माध्यम से अपनी सांस्कृतिक पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जन्मभूमि और पैतृक गांवों से जोड़ने का माध्यम भी बनते हैं।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोककलाओं, लोकभाषाओं, पारंपरिक मेलों और ऐतिहासिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। हालांकि, सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखना केवल सरकार का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति और परिवार का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपने लोकपर्वों को पारंपरिक गरिमा के साथ मनाने तथा स्थानीय लोककलाकारों, शिल्पकारों और पारंपरिक उत्पादों को प्रोत्साहित करने की अपील की।






