कीर्तिनगर ।नैथाणा निवासी दीपक पटवाल की मौत के मामले में पुलिस विवेचना में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर गुरुवार को मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने तहसील कीर्तिनगर परिसर में प्रदर्शन किया। ग्राम प्रधान नैथाणा यशपाल चौहान के नेतृत्व में ग्रामीणों ने नारेबाजी कर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग उठाई।बता दें ग्राम नैथाणा निवासी दीपक पटवाल पुत्र मकान सिंह बीते 27 सितंबर को लापता हो गए थे। दो-तीन दिन बाद उनका शव रुद्रप्रयाग जिले के पट्टी बच्चणस्यूँ स्थित कालूगाड़ गधेरे में बरामद हुआ था। घटना के करीब दो माह बाद भी अपेक्षित कार्रवाई न होने से परिजनों और ग्रामीणों में नाराजगी है।प्रदर्शन को कांग्रेस जिलाध्यक्ष देवप्रयाग उत्तम सिंह असवाल के नेतृत्व में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और यूकेडी के कीर्तिनगर ब्लॉक अध्यक्ष रघुवीर सिंह पंवार के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन दिया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजयंत सिंह निजवाला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य उत्तम सिंह भंडारी, क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज कुमार जोशी, यूकेडी युवा प्रकोष्ठ के केंद्रीय प्रवक्ता अरुण नेगी, पीसीसी सदस्य प्रताप भंडारी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर पंकज भट्ट ने प्रदर्शनकारियों को शीघ्र उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण शांतिपूर्वक लौट गए।






