सुदूर पहाड़ के गांव से निकलकर उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने वाली प्रियंका खत्री को आल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) का उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। आइसा की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। प्रियंका का प्रदेश अध्यक्ष बनना छात्र राजनीति में उनके लंबे संघर्ष और छात्रहितों के लिए निरंतर सक्रियता का महत्वपूर्ण पड़ाव है। चमोली जनपद के देवाल विकासखंड के सुदूरवर्ती हरनी गांव की रहने वाली प्रियंका खत्री ने वर्ष 2021 में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रवेश लिया था। विश्वविद्यालय में शुरुआती दौर से ही उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने परिस्थितियों से समझौता करने के बजाय छात्र-छात्राओं के मुद्दों को उठाने का रास्ता चुना। धीरे-धीरे वह विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति में सक्रिय हुईं और छात्रों की समस्याओं को मजबूती से विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने रखने लगीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न छात्र आंदोलनों में भागीदारी की और छात्रहितों से जुड़े मुद्दों पर लगातार आवाज उठाई। वर्ष 2023 में उन्होंने आइसा के प्रत्याशी के रूप में छात्रसंघ उपाध्यक्ष पद का चुनाव लड़ा। हालांकि, उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इससे उनका संघर्ष थमा नहीं। उन्होंने चुनावी परिणाम से आगे बढ़कर छात्र-छात्राओं के मुद्दों पर काम जारी रखा। इसके बाद वर्ष 2024 में उन्होंने गढ़वाल विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में छात्रा प्रतिनिधि पद पर जीत दर्ज की। वह तत्कालीन छात्रसंघ पदाधिकारियों में एकमात्र निर्वाचित छात्रा थीं। वर्ष 2025 में प्रियंका ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित वाद विवाद प्रतियोगिता में गढ़वाल विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व भी किया। अब आइसा के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके सामने संगठन को मजबूत करने और प्रदेशभर के विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में छात्र-छात्राओं के सवालों को उठाने की नई जिम्मेदारी होगी।






