श्रीनगर। वर्क फ्रॉम होम के नाम पर ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर एक महिला से 9.38 लाख की साइबर ठगी करने के मामले में श्रीनगर पुलिस ने राजस्थान से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 21 वर्षीय आयुष मेहरा निवासी सीतापुर, थाना तालेड़ा, जिला बूंदी (राजस्थान) के रूप में हुई है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप सिंह ने बताया कि कोतवाली को दिए शिकायत पत्र में श्रीनगर निवासी रेनू ने कहा था कि व्हाट्सएप पर मिले संदेश के बाद उन्हें टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन टास्क और निवेश पर 30 प्रतिशत लाभ का लालच दिया गया। बताया कि शुरुआत में कुछ भुगतान मिलने के बाद आरोपियों ने झांसे में लेकर उनसे कुल 9.38 लाख रूपये की ठगी कर ली। बताया कि पुलिस ने गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत किया। बताया कि मामले की तकनीकी जांच, सर्विलांस और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने बीते बुधवार को राजस्थान से आरोपी को गिरफ्तार किया। बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेशी के बाद जिला कारागार खांड्यूसैंण भेज दिया गया है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेश असवाल, चरण सिंह, महेंद्र सिंह शामिल थे।






