एचएनबी बेस चिकित्सालय श्रीनगर को मिला एनएबीएच एंट्री लेवल प्रमाणन, मेडिकल कॉलेज परिवार में खुशी की लहरगुणवत्ता परिषद भारत (Quality Council of India) की संस्था एनएबीएच ने ई-मेल के माध्यम से अस्पताल को प्रमाणन की स्वीकृति प्रदान की दिल्ली जायेगी मेडिकल कॉलेज की टीम मान्यता प्रमाण पत्र लेने
श्रीनगर। उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है कि राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के अंतर्गत संचालित हेमवती नंदन बहुगुणा (एचएनबी) बेस चिकित्सालय को नेशनल एक्रेडिटेशन बोर्ड फॉर हॉस्पिटल्स एंड हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स (NABH) का एंट्री लेवल हॉस्पिटल प्रमाणन प्राप्त हो गया है। इस उपलब्धि से मेडिकल कॉलेज परिवार और पूरे प्रदेश के स्वास्थ्य विभाग में खुशी का माहौल है। गुणवत्ता परिषद भारत (Quality Council of India) की संस्था एनएबीएच ने ई-मेल के माध्यम से अस्पताल को प्रमाणन की स्वीकृति प्रदान की है। जल्द ही मेडिकल कॉलेज की टीम दिल्ली जाकर आधिकारिक प्रमाणपत्र प्राप्त करेगी।करीब नौ माह तक डॉ. गौरी बिष्ट के नेतृत्व में अस्पताल को एनएबीएच के गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किया गया। इसके बाद मुंबई और दिल्ली से आए विशेषज्ञों की तीन सदस्यीय टीम ने अस्पताल का तीन दिनों तक गहन निरीक्षण कर 170 गुणवत्ता मानकों पर मूल्यांकन किया। प्रारंभिक निरीक्षण में बताई गई कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर कर ऑनलाइन पोर्टल पर अपडेट किया गया, जिसके बाद अस्पताल को प्रमाणन प्रदान किया गया।मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने इसे अस्पताल की पूरी टीम के सामूहिक प्रयास का परिणाम बताते हुए कहा कि यह प्रमाणन मरीजों को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।एनएबीएच समन्वयक डॉ. गौरी बिष्ट ने बताया कि अस्पताल को ई-मेल के माध्यम से एंट्री लेवल हॉस्पिटल प्रमाणन की स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राकेश रावत तथा अस्पताल के सभी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को बधाई दी।यह उपलब्धि उत्तराखंड के सरकारी स्वास्थ्य तंत्र के लिए एक नया अध्याय है और प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों के राजकीय अस्पतालों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी।
—एचएनबी बेस चिकित्सालय श्रीनगर को एनएबीएच प्रमाणन मिलना पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव की बात है। इससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण, सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। यह सफलता अस्पताल के सभी चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों और मेडिकल कॉलेज की पूरी टीम की मेहनत का परिणाम है।— सुबोध उनियाल जी, माननीय चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री उत्तराखंड सरकार।






