कीर्तिनगर,। देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सड़क सुविधा को लेकर बड़ी सौगात मिली है। शनिवार को देवप्रयाग विधानसभा के विधायक विनोद कंडारी ने चौरिखाल-सिरवाड़ी-कांडा मोटर मार्ग के 4.50 किलोमीटर लंबे नव निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि राज्य योजना के तहत स्वीकृत सड़क का निर्माण 1 करोड़ 80 लाख 90 लाख रुपये से किया जायेगा। कहा कि मोटर मार्ग के बनने से क्षेत्र के ग्रामीण गांवों से मुख्य मार्ग तक बेहतर और सुगम यातायात सुविधा से जुड़ सकेंगे। साथ ही सड़क निर्माण न होने से लंबे समय से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को राहत मिलेगी। कहा कि मार्ग के निर्माण से स्थानीय गांवों की मुख्य सड़क से कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे ग्रामीणों को आवागमन के साथ ही कृषि उपज और अन्य आवश्यक सामग्री के परिवहन में भी सुविधा मिलेगी। कहा कि सड़क क्षेत्र के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी। वहीं क्षेत्रवासियों ने मोटर मार्ग की स्वीकृति और निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रदेश सरकार तथा देवप्रयाग विधायक विनांद कंडारी का आभार जताया। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा होने से क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी में बड़ा सुधार आएगा। मौके पर नरेंद्र कुंवर, अमित मेवाड़,विकास मेहरा, कुलदीप रावत, जगत नारायण रतूड़ी, कमलेश कंडारी, विनोद रावत आदि मौजूद थे।






