श्रीनगर (गढ़वाल)। हरेला पर्व के अवसर पर राजकीय पॉलिटेक्निक श्रीनगर में ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद की राज्य मंत्री मधु भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में फलदार पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर मधु भट्ट ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। उन्होंने लोगों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष विनय घिड़ियाल, जिला महामंत्री गणेश भट्ट, मंडल महामंत्री शुभम प्रभाकर, मंडल मीडिया प्रभारी प्रकाश सती, शक्ति केंद्र संयोजक आशा उपाध्याय, सुरेंद्र सिंह नेगी, महिला मोर्चा अध्यक्ष ललिता नेगी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य सर्वेश कुमार वर्मा ने संस्थान परिसर में वृक्षारोपण के लिए आभार व्यक्त करते हुए पौधों के संरक्षण का भरोसा दिलाया।







