ब्यूरो -देहरादून–ऋषिकेश फोर/सिक्स लेन परियोजना के तहत प्रस्तावित पेड़ों के कटान पर राज्य सरकार ने फिलहाल रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि परियोजना को लेकर नागरिकों, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय लोगों द्वारा उठाई गई चिंताओं का गंभीरता से संज्ञान लिया गया है।मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजना है, जिस पर उच्च न्यायालय के निर्देशों तथा सभी वैधानिक एवं पर्यावरणीय स्वीकृतियों के अनुरूप कार्य किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि परियोजना में लगभग 3.5 किलोमीटर लंबा हाथी अंडरपास और छोटे वन्यजीवों के लिए विशेष कल्वर्ट जैसी व्यवस्थाएं भी प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि विकास आवश्यक है, लेकिन जनभावनाओं, पर्यावरण और स्थानीय हितों की अनदेखी कर कोई निर्णय नहीं लिया जाएगा। प्रमुख सचिव एवं संबंधित अधिकारियों को सभी हितधारकों, जनप्रतिनिधियों और विशेषज्ञों से पुनः विस्तृत संवाद करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक सभी पक्षों के साथ संतोषजनक सहमति और विश्वास का वातावरण नहीं बन जाता, तब तक परियोजना के अंतर्गत आने वाले पेड़ों का कटान स्थगित रहेगा। उन्होंने दोहराया कि उत्तराखंड की प्रकृति, जनभावनाएं और विकास सरकार के लिए समान रूप से महत्वपूर्ण हैं।






