रुद्रप्रयाग। सावन माह के दौरान लगातार हो रही बारिश का असर अब चारधाम यात्रा पर भी दिखाई देने लगा है। केदारनाथ धाम में प्रतिदिन दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में पिछले कुछ दिनों की तुलना में कमी दर्ज की जा रही है। हालांकि, जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है तथा मौसम की स्थिति पर हर पल नजर रखी जा रही है।यात्रा कंट्रोल रूम रुद्रप्रयाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 20 जुलाई 2026 की सायं 5 बजे से 21 जुलाई 2026 की सायं 5 बजे तक केदारनाथ धाम में कुल 1,138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें 725 पुरुष, 396 महिलाएं और 17 बच्चे शामिल रहे। इस अवधि में कोई भी विदेशी श्रद्धालु दर्शन के लिए नहीं पहुंचा।वहीं, यात्रा प्रारंभ होने से अब तक केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 14,11,861 तक पहुंच चुकी है।लगातार वर्षा और मौसम की अनिश्चित परिस्थितियों के कारण श्रद्धालुओं की दैनिक संख्या में गिरावट देखी जा रही है। इसके बावजूद जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ तथा अन्य संबंधित विभाग यात्रा मार्ग पर पूरी सतर्कता के साथ तैनात हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और मार्गों की स्थिति का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा सुरक्षित यात्रा में सहयोग करें।






