स्वास्थ्य विभाग और रोटरी क्लब के संयुक्त सहयोग से अभियान का शुभारंभ, सीएमएस ने अभिभावकों से की बच्चों को पोलियो बूथ तक पहुंचाने की अपील
श्रीनगर, 22 नवंबर। राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान के तहत रविवार को राजकीय संयुक्त उप जिला चिकित्सालय श्रीनगर में पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत श्रीनगर क्षेत्र में कुल 13 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जिनके माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के 1,791 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग और रोटरी क्लब श्रीनगर के संयुक्त सहयोग से आयोजित अभियान में सभी बूथों पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, आशा कार्यकर्ताओं, नर्सिंग अधिकारियों और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर और बूथ स्तर पर अभियान को सफल बनाने में जुटे हैं।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर रोटरी क्लब श्रीनगर के अध्यक्ष रोटेरियन अनिल ढोंडियाल, सचिव डॉ. हरीश भट्ट, डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर बृजेश भट्ट, रीजनल पल्स पोलियो कोऑर्डिनेटर दिनेश प्रसाद चौधरी और प्रदीप अंथवाल मौजूद रहे। इसके अलावा डॉ. दिग्पाल दत्त, नर्सिंग अधिकारी मीनाक्षी, जय प्रकाश वर्मा, नर्सिंग अधिकारी नेहा, अनिल कन्याल और सुमन सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रचित गर्ग ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को नजदीकी पोलियो बूथ पर ले जाकर पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए प्रत्येक बच्चे का प्रतिरक्षण जरूरी है। भारत को पोलियो मुक्त बनाए रखने के लिए सामूहिक सहभागिता और प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना आवश्यक है।






