ब्यूरो -पहाड़ी इलाकों में इन दिनों जंगल वनाग्नि की घटनाओं के कारण लगातार धधक रहे हैं, जिसके कारण लाखों की वन संपदा को तो नुकसान हो ही रहा है, लेकिन इसके साथ ही वनाग्नि की आग को बुझाने वाले लोग भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। ऐसी ही कुछ दुखद खबर चमोली जिले से सामने आ रही है, जहां पर जंगल की आग की चपेट में आने से एक महिला की ज़िंदगी चली गई। घटना के बाद से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।प्राप्त जानकारी के अनुसार चमोली जिले के गैरसैण विकासखंड आदिबद्री तहसील के बूंगा गांव निवासी 51 वर्षीय सुरेशी देवी जंगल की आग के चपेट मे आ गई, जिसके कारण उनकी मौत हो गई। दरअसल बीते मंगलवार की देर शाम करीब 7:00 सुरेशी देवी अपनी गौशाला जा रही थी। तभी इस दौरान जंगल की आग उनके गौशाला तक पहुंच गई जिसे सुरेशी देवी बुझाने का प्रयास करते समय उसकी चपेट में आ गई जिसके कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन की टीम ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बताया जा रहा है बूंगा वन पंचायत में किसी अज्ञात द्वारा आग लगाई गई थी जो तेज आंधी तूफान के कारण सुरेशी देवी के गौशाला तक पहुंच गई।




