श्रीनगर, गढ़वाल । नगर क्षेत्र में जल्द ही आधुनिक 30-सीटर सिटी बस सेवा शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की पहल पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत जैम (GeM) पोर्टल के माध्यम से टाटा मोटर्स की 30-सीटर सिटी बस खरीदी गई है।बस की कुल लागत 22 लाख 50 हजार 429 रुपये है। इसके लिए जिलाधिकारी के अनटाइड फंड से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। सिटी बस को नगर निगम श्रीनगर को हस्तांतरित किया जाएगा, जिसके बाद नगर निगम इसके संचालन की व्यवस्था करेगा।जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि बस सेवा शुरू होने से विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, कर्मचारियों और दैनिक यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों के बीच आवागमन आसान होगा तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर होगी।उन्होंने कहा कि श्रीनगर जैसे प्रमुख शैक्षणिक एवं प्रशासनिक नगर में सिटी बस सेवा शुरू होने से निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी और यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। यह पहल मुख्यमंत्री के सुशासन और जनकेंद्रित विकास के विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में नगरवासियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।




