ब्यूरो -विकासखंड कीर्तिनगर के 14 से अधिक प्राथमिक विद्यालयों में जर्जर भवन, पेयजल और सुरक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उप प्रधान संघ ने सोमवार को तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। संघ ने चेतावनी दी कि 15 दिन के भीतर समस्याओं के समाधान को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
उप प्रधान संघ के संयोजक एवं देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के समाजसेवी गणेश भट्ट ने कहा कि कई प्राथमिक विद्यालयों के भवन वर्षों से जर्जर हैं। आधे से अधिक विद्यालयों में पेयजल आपूर्ति बाधित है, जबकि कुछ विद्यालय भूस्खलन की जद में हैं। इससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। संघ के संरक्षक भानु भट्ट ने कहा कि प्राथमिक विद्यालय बच्चों की शिक्षा की नींव हैं, इसलिए भवनों की बदहाल स्थिति की अनदेखी नहीं की जा सकती।
उपाध्यक्ष मुकेंद्र नेगी ने बताया कि कई विद्यालयों में मतदान केंद्र भी बनाए जाते हैं। ऐसे में भवनों की स्थिति विद्यार्थियों के साथ मतदाताओं और मतदान कार्मिकों की सुरक्षा से भी जुड़ी है। प्रधान कुलदीप राणा और उपप्रधान लक्ष्मी देवी ने भी अपने क्षेत्रों की समस्याएं तहसीलदार के समक्ष रखीं। तहसीलदार कीर्तिनगर ने समस्याओं के समाधान के लिए जल्द संयुक्त टीम गठित कर संबंधित विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कराने का आश्वासन दिया।






