श्रीनगर, गढ़वाल । आगामी दीपावली, धनतेरस समेत अन्य प्रमुख त्योहारों के मद्देनजर बाजारों में जीएसटी विभाग की अचानक बढ़ी सक्रियता को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल जिला श्रीनगर गढ़वाल ने नाराजगी जताई है। संगठन के जिलाध्यक्ष वासुदेव कंडारी ने एसडीएम श्रीनगर नुपूर वर्मा के माध्यम से जीएसटी आयुक्त उत्तराखंड को ज्ञापन भेजकर त्योहारों के सीजन में बाजारों में औचक सर्वे, छापेमारी और जांच अभियानों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। कहा कि जांच के नाम पर व्यापारियों में भय का माहौल पैदा होने से उनका मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है। जीएसटी आयुक्त को भेजे पत्र में जिलाध्यक्ष वासुदेव कंडारी ने कहा कि दीपावली और धनतेरस का समय व्यापारियों के लिए वर्ष का महत्वपूर्ण कारोबारी सीजन होता है। इस दौरान व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों में त्योहारों की तैयारियों में जुटे रहते हैं और सरकार को भी राजस्व उपलब्ध कराते हैं। ऐसे समय में जीएसटी विभाग की अचानक बढ़ी सक्रियता से व्यापारियों में असहजता का माहौल बन रहा है। उन्होंने त्योहारों के दौरान बाजारों में किसी भी प्रकार के औचक सर्वे, छापेमारी या जांच अभियान को तत्काल प्रभाव से रोका जाने की मांग की है। साथ ही व्यापारियों को बिना भय के शांतिपूर्ण ढंग से कारोबार करने का वातावरण उपलब्ध कराया जाए।उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जीएसटी विभाग ने कथित दमनात्मक गतिविधियों पर तत्काल रोक नहीं लगाई, तो संगठन की सभी 12 नगर इकाइयों के पदाधिकारियों के साथ जीएसटी आयुक्त कार्यालय देहरादून का घेराव किया जाएगा।







