देवप्रयाग विधानसभा में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) ने अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया है। पार्टी के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं वर्तमान संरक्षक/संयोजक पूरण सिंह कठैत को देवप्रयाग से चुनाव मैदान में उतारा गया है। केंद्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुकरेती की ओर से जारी प्रत्याशियों की सूची में कठैत का नाम शामिल है। संगठन में लंबे अनुभव और क्षेत्र में पुराने राजनीतिक संपर्कों के चलते उनकी उम्मीदवारी को अहम माना जा रहा है।
स्नातक शिक्षित पूरण सिंह कठैत व्यवसाय से जुड़े हैं। वह वर्ष 2006 से 2008 तक यूकेडी में गढ़वाल संयोजक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्ष 2007 के देवप्रयाग विधानसभा चुनाव में स्वर्गीय दिवाकर भट्ट की जीत के प्रमुख रणनीतिकारों में उनकी भूमिका रही थी। इसके बाद वर्ष 2023 से 2025 तक उन्होंने पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व किया।
दिवाकर भट्ट के निधन के बाद देवप्रयाग क्षेत्र में यूकेडी के पारंपरिक कार्यकर्ताओं और समर्थकों को एकजुट रखने में भी कठैत की सांगठनिक भूमिका महत्वपूर्ण रही है। बूथ स्तर के पुराने कार्यकर्ताओं, पूर्व सैनिकों, क्षेत्रीय युवाओं और दिवाकर भट्ट के पारंपरिक समर्थक वर्ग के बीच उनकी पकड़ को उनकी राजनीतिक ताकत माना जा रहा है।
कठैत की राजनीति का प्रमुख आधार उत्तराखंड की क्षेत्रीय अस्मिता, राज्य आंदोलनकारियों के सपनों और प्रदेश के मूलभूत मुद्दों को आगे बढ़ाना रहा है। स्थानीय युवाओं और पूर्व सैनिकों को क्षेत्रीय राजनीति से जोड़ने के साथ देवप्रयाग में यूकेडी के पुराने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहा है।
यूकेडी की ओर से प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अब देवप्रयाग विधानसभा में चुनावी मुकाबला दिलचस्प होने के आसार हैं। कठैत के सामने भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों की चुनौती होगी।






