23 सितंबर तक लखनऊ, कानपुर और सचिवालय का करेंगे शैक्षिक भ्रमण
श्रीनगर गढ़वाल । देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के 68 मेधावी छात्र-छात्राओं का दल बुधवार को कीर्तिनगर से आठ दिवसीय भारत दर्शन शैक्षिक भ्रमण के लिए रवाना हुआ। विधायक विनोद कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. राकेश मोहन मैठाणी और खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. वाईएस नेगी ने डॉ. आंबेडकर पार्क से दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि वर्ष 2025-26 की परिषदीय हाईस्कूल परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को निजी खर्च पर भारत दर्शन कराया जा रहा है। 23 सितंबर तक चलने वाली यात्रा के दौरान छात्र-छात्राएं हरिद्वार में गंगा आरती, सचिवालय भ्रमण के साथ लखनऊ और कानपुर के ऐतिहासिक व प्रमुख स्थलों का भ्रमण करेंगे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, वरिष्ठ अधिवक्ता विजयराम गोदियाल, नरेंद्र कुंवर समेत अन्य लोग मौजूद रहे।







