श्रीनगर।राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर (वीसीएसजी) के पैरामेडिकल इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर बुधवार से धरना शुरू कर दिया। वर्ष 2022 बैच के इंटर्नशिप छात्रों का कहना है कि उन्हें इंटर्नशिप की पूरी छह माह की अवधि का स्टाइपेंड दिया जाना चाहिए। छात्रों ने ₹15 हजार प्रतिमाह स्टाइपेंड देने की मांग उठाई है।धरने पर बैठे छात्रों का कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान वे नियमित रूप से अस्पताल में सेवाएं दे रहे हैं। उनकी ड्यूटी सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक रहती है। इसके अलावा उन्हें इमरजेंसी ड्यूटी भी करनी पड़ती है। छात्रों के अनुसार रविवार और राजकीय अवकाश के दिनों में भी ड्यूटी लगाई जाती है। इसके बावजूद स्टाइपेंड को लेकर उन्हें अपेक्षित भुगतान नहीं मिल रहा है।

छात्रों ने कहा कि इंटर्नशिप उनके प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इस दौरान अस्पताल की सेवाओं में भी उनकी जिम्मेदारी रहती है। ऐसे में उन्हें छह माह की पूरी इंटर्नशिप अवधि का स्टाइपेंड मिलना चाहिए। छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनकी प्रमुख मांग छह माह का स्टाइपेंड और ₹15 हजार प्रतिमाह भुगतान है।स्टाइपेंड के मुद्दे पर छात्रों ने बुधवार से शांतिपूर्ण धरना शुरू कर दिया। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पर उचित निर्णय नहीं लिया जाता, वे अपनी मांग को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।छात्रों ने शासन-प्रशासन और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से मामले में जल्द हस्तक्षेप कर समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि इंटर्नशिप अवधि के स्टाइपेंड को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए और पात्र छात्रों को नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित किया जाए।






