ब्यूरो -हल्द्वानी मंडी में एक युवक और युवती की पत्थरों से कुचलकर हत्या कर दी गई। आज सुबह जब व्यापारियों ने शव देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना बरेली रोड स्थित नवीन मंडी की गल्ला मंडी की है। दोनों के सिर और चेहरे बुरी तरह पत्थर से कुचले हुए दिखे।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में दहशत फैल गई और मंडी में भारी भीड़ जमा हो गई। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ अमित कुमार और कोतवाल विजय मेहता भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से दोनों के पहचान पत्र मिले है।फिलहाल पुलिस इस मामले में प्रेम प्रसंग, संभावित लव ट्रायएंगल और ऑनर किलिंग सहित हर संभावित एंगल से जांच कर रही है।अल्मोड़ा और नैनीताल के रहने वालेपुलिस ने तुरंत पूरे इलाके को सील कर दिया और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतकों की पहचान 19 साल की लक्ष्मी, जो तल्ली पोखरी, नैनीताल और युवक की पहचान अल्मोड़ा के तल्ला खोल्टा के रहने वाले शुभम कुमार टम्टा (31) के तौर पर हुई है।मृत युवक के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक सिगार (ई-सिगार) बरामद हुई है। इसके अलावा मौके से कुछ आपत्तिजनक सामान भी मिला है, जिसे जांच के लिए जब्त कर लिया गया है। शुभम के 6 भाई-बहन हैं। इसमें 4 बहन और 2 भाई शामिल है। मां-पिता की मौत हो चुकी है। परिवार के ज्यादा लोग शिक्षा विभाग में है।लक्ष्मी के 8 भाई-बहन हैं। इनमें से लक्ष्मी 6 नंबर की थी। पिता पुजारी का काम करते हैं। दो भाई और 4 बहनों की शादी हो चुकी है।पुलिस मंडी परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग मिल सके। साथ ही, मंडी के व्यापारियों और वहां काम करने वाले मजदूरों से भी पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला आपसी रंजिश या प्रेम प्रसंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।







