पौड़ी, संवाददाता। आमजन को सुरक्षित दवाएं और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने पाबौ बाजार में मेडिकल स्टोर और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाजिश कलीम के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान चार खाद्य प्रतिष्ठानों से रसगुल्ला, सोनपापड़ी, नमकीन, रसमलाई और नमकपारे समेत छह खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। वहीं, एक प्रतिष्ठान को एक्सपायरी खाद्य पदार्थ मिलने पर नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में दवाओं की एक्सपायरी तिथि, भंडारण, लाइसेंस और अभिलेखों की जांच की गई। संचालकों को एक्सपायरी व अमानक दवाओं की बिक्री न करने और जेनेरिक दवाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। टीम ने खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को भी निर्धारित मानकों का पालन करने की हिदायत दी। अधिकारियों ने बताया कि आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस तरह के निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
निरीक्षण में एसीएमओ डॉ. गौरव बौठियाल, औषधि निरीक्षक डॉ. सीमा बिष्ट चौहान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






