श्रीनगर। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के देवप्रयाग विधानसभा से घोषित प्रत्याशी पूरन सिंह कठैत का देवप्रयाग क्षेत्र और उनके निजी आवास बिलकेदार (श्रीनगर) पहुंचने पर कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरन सिंह कठैत और उनकी टीम ने कीर्तिनगर बाजार में नारेबाजी के साथ जनसंपर्क कर लोगों से समर्थन की अपील की।
इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के हितों, क्षेत्रीय अस्मिता और पहाड़ के सर्वांगीण विकास को अपनी लड़ाई बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय दलों ने बारी-बारी से प्रदेश की जनता के हितों की अनदेखी की है। अब उत्तराखंड के अधिकारों और विकास के लिए एकजुट होकर संघर्ष करने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि यूकेडी का संदेश प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा, ब्लॉक और जिले तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए जल्द ही भ्रमण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने का आह्वान किया।






