श्रीनगर, गढ़वाल । विकासखंड कीर्तिनगर के अकरी-बारजुला पट्टी के गांवों में पेयजल व सड़क निर्माण से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए ग्रामीणों का क्रमिक अनशन रविवार को भी जारी रहा। छठवें दिन ग्राम प्रधान पैण्डूला कुलदीप सिंह मियां, आशाराम मंमगाई, बुद्धि सिंह गुसाईं, वंणिका कुमाई, सरोजनी देवी , बसंती देवी, होशियार सिंह गुसांई क्रमिक अनशन पर रहे। इस दौरान ग्रामीणों ने सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए जोरदार नारेबाजी की। ग्रामीणों ने न्यूली पेयजल योजना के पुनगर्ठन करने, अकरी-बारजुला पंपिंग योजना की उच्च स्तरीय जांच किए जाने व कोराखाल (सेल) तोक से मठुर गांव तक मोटरमार्ग का निर्माण कराए जाने की मांग की। इस दौरान ग्रामीणों ने कहा कि बीते लम्बे समय से वह समस्याओें के समाधान के लिए मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अधिकारी ग्रामीणों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं,जिससे आक्रोशित ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य हैं। कहा कि शनिवार को उपजिलाधिकारी धरना स्थल पर पहुंची थी, लेकिन जल संस्थान, जल निगम और लोक निर्माण विभाग के सक्षम अधिकारी नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि यदि जल्द से मांगों पर कार्यवाही नहीं होती है तो वह उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। मौके पर किशन सिंह, धन सिंह, चैता देवी, शकुंतला देवी, पार्वती देवी, आशा देवी आदि मौजूद थे।






