श्रीनगर, गढ़वाल । उत्तराखंड के दूरस्थ और पहाड़ी क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट दिल्ली द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। ट्रस्ट ने स्टॉप टीयर्स एनजीओ के माध्यम से जीआईसी देलचौरी के विद्यार्थियों को कंप्यूटर प्रदान किए हैं। स्टॉप टीयर्स के संस्थापक प्रमोद बमराड़ा ने बताया कि शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के तहत सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज देलचौरी की मांग पर विद्यालय को कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं। इससे विद्यार्थियों को डिजिटल शिक्षा से जुड़ने, कंप्यूटर ज्ञान प्राप्त करने और आधुनिक तकनीकी कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। कहा कि केवल डिजिटल संसाधन ही नहीं, बल्कि शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे मेधावी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को फीस और अन्य शैक्षणिक खर्चों के लिए आर्थिक सहायता भी प्रदान कर रहा है, जिससे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पढ़ाई आर्थिक अभाव के कारण बाधित न हो।

इधर,राइंका देलचौरी के प्रधानाचार्य राकेश नैथानी ने स्टॉप टीयर्स और शिव दयाल एजुकेशन ट्रस्ट के प्रतिनिधियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। मौके पर ओपी जोशी, राजेश शर्मा, उत्तम राणा, बिपेंद्र बिष्ट, दीपक रतूड़ी, धर्मबीर सोनी आदि मौजूद थे।






