श्रीनगर, गढ़वाल । नगर क्षेत्र में बाहरी मजदूरों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। सत्यापन अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए श्रीनगर पुलिस ने बिना सत्यापन काम कर रहे लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की है।पुलिस उपाधीक्षक अनुज कुमार ने बताया कि निर्माणाधीन एनआईटी परिसर क्षेत्र में मजदूरों और बाहरी राज्यों से आए श्रमिकों का मौके पर सत्यापन न पाए जाने पर पुलिस ने 99 चालान किए हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत पिछले एक महीने में कुल 1028 लोगों का सत्यापन कराया गया है, जबकि 153500रूपये चालान वसूले गए हैं।सीओ अनुज कुमार ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा की दृष्टि से किरायेदारों, मजदूरों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन कराना अनिवार्य है। यदि कोई मकान मालिक या ठेकेदार बिना सत्यापन के लोगों को रखता है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि अपने यहां रह रहे किरायेदारों, मजदूरों और बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके।






