12 किमी दुर्गम पैदल मार्ग का होगा सुधारीकरण, धर्मशाला व श्रृंग ऋषि की विशाल प्रतिमा स्थापित करने की योजना
श्रीनगर। श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र की पौराणिक एवं धार्मिक विरासत को पर्यटन और तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में पहल की गई है। थलीसैंण विकासखंड स्थित श्रृंग ऋषि आश्रम का जीर्णोद्धार किया जाएगा, जबकि पैठाणी क्षेत्र के प्रसिद्ध ताराकुंड की प्राकृतिक झील के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण के साथ मां तारा मंदिर को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इसके लिए वन एवं पर्यटन विभाग संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार करेंगे।
कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने विधानसभा क्षेत्र के पर्यटन स्थलों के विकास और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर वन, पर्यटन विभाग तथा गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक की। बैठक में उन्होंने श्रृंग ऋषि आश्रम और ताराकुंड के विकास को प्राथमिकता देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डॉ. रावत ने कहा कि श्रृंग ऋषि आश्रम धार्मिक और पौराणिक दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। इसे भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत मंदिर परिसर में धर्मशाला का निर्माण, श्रृंग ऋषि की विशाल प्रतिमा की स्थापना तथा आश्रम तक पहुंचने वाले करीब 12 किलोमीटर लंबे दुर्गम पैदल मार्ग का सुधारीकरण किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने पैठाणी स्थित ताराकुंड के विकास पर जोर देते हुए कहा कि प्राकृतिक झील का संरक्षण करते हुए उसका सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही मां तारा मंदिर को भी आकर्षक स्वरूप प्रदान किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि विकास कार्यों में प्राकृतिक पर्यावरण और धार्मिक आस्था के संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि श्रृंग ऋषि आश्रम और ताराकुंड क्षेत्र की समृद्ध पौराणिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। इन स्थलों का विकास धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा। वन क्षेत्र में स्थित होने के कारण दोनों स्थलों के विकास की कार्ययोजना वन एवं पर्यटन विभाग आपसी समन्वय से तैयार करेंगे।
पर्यटन सर्किट में शामिल होंगे प्रमुख धार्मिक स्थल
बैठक में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के राहु मंदिर, बिनसर महादेव, कमलेश्वर मंदिर और देवलगढ़ को एक सुव्यवस्थित पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने के निर्देश भी दिए गए। डॉ. रावत ने कहा कि क्षेत्र की धार्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
बैठक में मुख्य वन संरक्षक गढ़वाल डॉ. धीरज पाण्डेय सहित पर्यटन विभाग और गढ़वाल मंडल विकास निगम के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य विकास अधिकारी पौड़ी अशोक जोशी तथा डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।






