चार घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल भेजा, दो अन्य का रेस्क्यू जारी
रुद्रप्रयाग। जखोली क्षेत्र में अर्जुन बैंड के समीप रविवार दोपहर एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुट गईं।
पुलिस कंट्रोल रूम को अपराह्न करीब एक बजे चौकी जखोली, कोतवाली रुद्रप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम और जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने समन्वय स्थापित कर तत्काल रेस्क्यू टीमें घटनास्थल के लिए रवाना कीं।
दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग विकास पुंडीर भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू अभियान के दौरान वाहन में सवार चार घायलों को खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए चिकित्सालय भेजा गया। वहीं, अचेत अवस्था में मिले दो अन्य व्यक्तियों का रेस्क्यू किया जा रहा है।
पुलिस और रेस्क्यू टीमें लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं। दुर्घटना में प्रभावित लोगों के नाम-पते सहित अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं।






