श्रीनगर, गढ़वाल । नगर स्थित रेस्टोरेंट संचालक को ब्लैकमेल करने व धमकी देकर वसूली करने वाले आरोपियों को कोतवाली श्रीनगर पुलिस ने हरियाणा से गिरफ्तार किया है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर कुलदीप सिंह ने बताया कि श्रीनगर निवासी एसके जैन ने बीते 13 फरवरी को कोतवाली श्रीनगर में एक लिखित शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए बताया कि कुछ युवकों द्वारा उनके रेस्टोरेंट के खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर एफएसएसएआई में 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने, रेस्टोरेंट, होटल की प्रतिष्ठा खराब करने और फोटो, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर उनकी पुत्री से 50 हजार रूपये की धोखाधड़ी की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने युवकों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया। आरोपियों की धरपकड़ के लिए गठित पुलिस टीम द्वारा जुटायी गई आवश्यक जानकारी, बैंक डीटेल आदि से विवेचना के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आये कि आरोपी अक्षत आनन्द उर्फ साहिल, सोहेल अख्तर एवं रितेश मिश्रा द्वारा सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के तहत दिनांक 21 नवम्बर 2025 को श्रीनगर स्थित प्रतिष्ठित रेस्टोरेंट में भोजन किया गया था,जिसके बाद युवकों द्वारा खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत पर वीडियो बनाई गई और लगातार रेस्टोरेंट, होटल संचालक को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण में शिकायत करने की धमकी दी गई। साथ ही फर्जी नोटिस तैयार कर रेस्टोरेंट संचालक को व्हाट्सएप के माध्यम से भेजा गया। साथ ही प्रतिष्ठान को बदनाम करने, लीगल नोटिस देने एवं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रेस्टोरेंट मालिक को कम से कम 2.50 लाख रूपये देने के लिए दबाव बनाया गया,जिससे परेशान होकर होटल संचालक की पुत्री द्वारा प्रथम किस्त के रूप में 50 हजार रुपये यूपीआई के माध्यम ट्रांसफर किया गया।पुलिस ने बताया कि लगातार लोकेशन, मुखबीर आदि माध्यमों से आरोपियों का पता लगाया गया। तीनों आरोपियों को झज्जर, हरियाणा से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।







