ब्यूरो -देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बाग़ी में अल्ट्रासाउंड सेवा का शुभारंभ कर दिया गया है। इस महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधा के शुरू होने से क्षेत्रवासियों को अब जांच के लिए दूरदराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।इस अवसर पर विधायक विनोद कंडारी ने क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सुविधा लंबे समय से स्थानीय लोगों की मांग रही है, जो अब पूरी हो गई है। उन्होंने इस पहल के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री का आभार व्यक्त किया।

कंडारी ने बताया कि अब प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। इस सेवा के लिए रेडियोलॉजिस्ट डॉ. रचित गर्ग अपनी सेवाएं देंगे, जिससे मरीजों को गुणवत्तापूर्ण जांच सुविधा मिल सकेगी।स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे खासकर गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को काफी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग के इस कदम को क्षेत्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।







