श्रीनगर, गढ़वाल। अलकनंदा नदी में नहाने के दौरान लापता हुए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी(एनआईटी)श्रीनगर के छात्र का शव गुरुवार को एसडीआरएफ टीम ने बरामद किया है। बीते कई दिनों से चल रहे सर्च अभियान के बाद घटना स्थल से कुछ दूरी पर शव मिलने से परिजनों और संस्थान में शोक की लहर है।
बताते चलें कि बीते रविवार को शाम चार बजे बीटेक तृतीय वर्ष (कंप्यूटर साइंस) के छात्र आनंद सोहन, निवासी तेलंगाना एसएसबी श्रीनगर के समीप अलकनंदा नदी में नहाने के दौरान अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया था।देखते ही देखते वह नदी की धारा में बह गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। श्रीनगर से मूल्यागांव तक नदी किनारे संभावित स्थानों पर गहन तलाशी ली गई, लेकिन छात्र का कुछ पता नहीं चल पाया।
एसडीआरएफ निरीक्षक श्रीनगर मंजरी नेगी ने बताया कि नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती रही। इसके बावजूद टीमों ने लगातार प्रयास जारी रखे और गुरुवार को घटना स्थल से लगभग 200 मीटर आगे नदी में छात्र का शव बरामद किया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है।
घटना के बाद एनआईटी श्रीनगर परिसर में शोक का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों के किनारे विशेष सतर्कता बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें।






