श्रीनगर, गढ़वाल ।चारधाम यात्रा पर आये यात्रियों के साथ ट्रैवल एजेंसी की लापरवाही और गाइड की अभद्रता का मामला सामने आने पर श्रीनगर पुलिस ने कार्रवाई की है। दरअसल, बीते शनिवार रात्रि करीब 11 बजे अनुराग पटेल, निवासी दिल्ली ने श्रीनगर पुलिस को सूचना दी कि उनका 19 सदस्यीय दल चारधाम यात्रा पर निकला था और ऑनलाइन ट्रेवल एजेंसी योर ट्रिपमेट के माध्यम से एक ट्रैवलर वाहन बुक कर 1,14,000 रु की अग्रिम धनराशि का भुगतान किया गया था।यात्रा के दौरान वाहन चालक व गाइड द्वारा लगातार अभद्र व्यवहार और श्रीनगर स्थित ज्योति ढाबा के समीप भोजन के दौरान दल के सदस्यों के साथ हाथापाई की गई है। मामले की सूचना यात्रियों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन चालक व एजेंसी गाइड पर कार्रवाई करते हुए यात्रियों की बुकिंग धनराशि को वापस लौटाया।एसआई श्रीनगर भावना भट्ट ने बताया कि यात्रियों के साथ वाहन चालक व गाइड द्वारा अभद्रता का मामला सामने आने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जमा धनराशि वापस कराई है, जबकि
रात्रि का समय होने के कारण यात्रियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था की गई।बताया कि यात्रियों द्वारा यात्रा आगे जारी रखने की इच्छा पर उन्हें सुरक्षित आगे के लिए रवाना किया गया।मामले में गाइड अनमोल, निवासी दिल्ली के विरुद्ध पर्यटकों के साथ अभद्रता और मारपीट करने पर पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई और उसे वापस दिल्ली भेजा गया।श्रीनगर पुलिस ने आम यात्रियों से अपील की है कि किसी भी ट्रेवल एजेंसी के माध्यम से यात्रा बुकिंग करने से पहले उसकी प्रमाणिकता और पंजीकरण की जांच अवश्य करें। साथ ही भुगतान से जुड़े सभी दस्तावेज सुरक्षित रखें, ताकि किसी भी प्रकार की ठगी या असुविधा से बचा जा सके। पुलिस टीम
में हेड कांस्टेबल महेंद्र रावत, हेड कांस्टेबल हरीश लिंगवाल एवं हेड कांस्टेबल विनीत पंवार शामिल रहे।






