रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग के निर्देशों के क्रम में पवित्र केदारनाथ धाम में स्वच्छता को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली। नगर पंचायत केदारनाथ, बद्री-केदार मंदिर समिति (बीकेटीसी), केदारसभा, व्यापार संघ, सुलभ इंटरनेशनल और हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आज मंदिर परिसर से वीआईपी हैलीपैड तक व्यापक सफाई अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सभी संस्थाओं के प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने मिलकर पूरे मार्ग को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने में अहम भूमिका निभाई। विशेष बात यह रही कि इस पहल में तीर्थ यात्रियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।

इस अभियान में केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, बीकेटीसी सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती, वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित प्रवीण तिवारी, रोशन त्रिवेदी और कृष्णकांत जुगरान समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। वहीं नगर पंचायत केदारनाथ के पर्यावरण पर्यवेक्षक हिमांशु नेगी, सुपरवाइजर करण सिंह बिष्ट, सुलभ इंटरनेशनल के सुपरवाइजर रणजीत कुमार सिंह व मिंटू पाठक, तथा हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन के फील्ड मैनेजर ललित ठाकुर सहित पर्यावरण मित्रों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई।

अभियान का उद्देश्य केदारनाथ यात्रा के दौरान आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना है। प्रशासन और स्थानीय संगठनों की यह संयुक्त पहल न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ा रही है, बल्कि “स्वच्छ तीर्थ, सुरक्षित तीर्थ” के संदेश को भी मजबूती दे रही है।
स्थानीय लोगों और यात्रियों ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यदि इसी तरह नियमित रूप से अभियान चलते रहें, तो केदारनाथ धाम की पवित्रता और सुंदरता लंबे समय तक बनी रहेगी।






