ब्यूरो -अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा क्षेत्र में चायखान-बेगानिया मोटर मार्ग पर सोमवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।पुलिस के अनुसार, बलिया गांव के समीप मारुति कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय ग्रामीण और राहत दल मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया। दुर्घटना के समय कार में छह लोग सवार थे।हादसे में राजेंद्र सिंह बेलवाल (40) पुत्र नारायण सिंह बेलवाल, जगदीश सिंह (35) पुत्र लक्ष्मण सिंह, लछम सिंह (56) पुत्र प्रताप सिंह तथा पान सिंह (50) पुत्र बिशन सिंह, सभी निवासी ग्राम बलिया, थाना लमगड़ा की मौके पर ही मौत हो गई।वहीं गोपाल सिंह (45) पुत्र खीम सिंह तथा सचिन बेलवाल (18) पुत्र राजेंद्र बेलवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लमगड़ा ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया।पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।






