ब्यूरो -उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में गुरुवार दोपहर एक बड़ा हादसा टल गया। सतपुली-गुमखाल हाईवे पर अचानक पहाड़ी से भारी बोल्डर गिरने से एक स्विफ्ट कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की बात यह रही कि कार में सवार एक ही परिवार के छह सदस्य और चालक सुरक्षित बच गए। घटना के बाद एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू किया।जानकारी के अनुसार स्विफ्ट कार किर्खू पांग गांव से दिल्ली जा रही थी। वाहन सतपुली से कोटद्वार की ओर बढ़ रहा था। जैसे ही कार सतपुली मल्ली के पास पहुंची, अचानक पहाड़ी से मलबा गिरने लगा और वाहन सड़क पर फंस गया। चालक कार को मलबे से निकालने की कोशिश कर ही रहा था कि उसी दौरान ऊपर से एक भारी बोल्डर सीधे कार के पिछले हिस्से पर आ गिरा। टक्कर से कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।सूचना मिलते ही एसडीआरएफ सतपुली की टीम उप निरीक्षक सबर सिंह नेगी के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। टीम ने तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाया और कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते रेस्क्यू होने से एक बड़ा हादसा टल गया।कार में थलीसैंण निवासी एक ही परिवार के सदस्य दिल्ली जा रहे थे। वाहन में चालक विनोद के अलावा 68 वर्षीय संपत्ति देवी, 46 वर्षीय दिलबर सिंह, 36 वर्षीय करिश्मा नेगी, 13 वर्षीय प्रशांत नेगी और 8 वर्षीय ओजस नेगी सवार थे। हादसे में सभी की जान सुरक्षित बच गई, हालांकि कार को भारी नुकसान पहुंचा है।अभियान में उप निरीक्षक सबर सिंह नेगी के साथ हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, कांस्टेबल संदीप पंवार, मनीष उनियाल, अजीत सिंह, कैलाश, चालक अरविंद सिंह और होमगार्ड सौरभ सिंह शामिल रहे।







