ब्यूरो –
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में 108 एंबुलेंस सेवा ने एक बार फिर अपनी अहम भूमिका निभाई। प्रसव पीड़ा से परेशान एक गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही प्रसव हो गया। एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया। इसके बाद जच्चा और नवजात दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों की हालत सामान्य बताई गई।जसोली क्षेत्र से एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने की सूचना 108 आपातकालीन सेवा को मिली। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और गर्भवती अनीता देवी को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग ले जाने के लिए रवाना हुई।जिला अस्पताल पहुंचने से पहले नगरासू के पास महिला की प्रसव पीड़ा अचानक तेज हो गई। स्थिति को देखते हुए 108 एंबुलेंस में तैनात ईएमटी डॉ. सोनू बैरवाण ने बिना समय गंवाए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया। उनकी तत्परता के चलते महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।सुरक्षित प्रसव के बाद जच्चा और नवजात को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जिसमें मां और बच्चे की स्थिति सामान्य पाई गई। समय पर मिली चिकित्सा सहायता से किसी भी तरह की गंभीर परेशानी नहीं हुई।ईएमटी डॉ. सोनू बैरवाण ने बताया कि समय रहते 108 एंबुलेंस सेवा मौके पर पहुंच गई थी, जिससे सुरक्षित प्रसव संभव हो सका। वहीं महिला के परिजनों ने ईएमटी डॉ. सोनू बैरवाण और एंबुलेंस पायलट प्रेमचंद की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया। उनके अनुसार दोनों की त्वरित कार्रवाई से मां और नवजात की सुरक्षित जान बचाई जा सकी।






