श्रीनगर, गढ़वाल । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिकाएं और डिग्रियां तैयार कर रोजगार प्राप्त करने के प्रयास का श्रीनगर पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से फर्जी अंकतालिकाएं, कूटरचित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख बरामद किए हैं। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।कोतवाली श्रीनगर प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि बीते 25 मार्च 2026 को विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया गया था कि देवांश पाण्डेय एवं अन्य व्यक्तियों ने विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, उपाधि प्रारूपों, विश्वविद्यालयीय मोहरों और संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का उपयोग कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उन्हें वास्तविक दस्तावेज बताकर विभिन्न स्थानों पर इस्तेमाल किया।शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की गतिविधियों की जांच की तथा स्थानीय पुलिस के सहयोग से देहरादून के रायपुर क्षेत्र में दबिश देकर मुख्य आरोपी देवांश पाण्डेय (20) पुत्र वीरेन्द्र पाण्डेय, निवासी करनपुर, थाना डालनवाला, देहरादून तथा वर्तमान निवासी चकतुनवाला, थाना रायपुर, देहरादून को गिरफ्तार किया है।बताया कि आरोपी के कब्जे से कई फर्जी अंकतालिकाएं, कूटरचित दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख बरामद किए हैं। बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई, जबकि अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, महिला उपनिरीक्षक पुष्पा राणा तथा हेड कांस्टेबल हरदयाल सिंह शामिल रहे।






