श्रीनगर, गढ़वाल। सार्वजनिक स्थान पर गाली-गलौच, मारपीट और शांति व्यवस्था भंग करना चार युवकों को भारी पड़ गया। श्रीनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार युवकों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी श्री सर्वेश पंवार ने जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थलों पर हुड़दंग, मारपीट और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 13 अगस्त को कोतवाली श्रीनगर क्षेत्र में कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, सार्वजनिक स्थान पर चार युवक आपस में गाली-गलौच, लड़ाई-झगड़ा और मारपीट कर रहे थे, जिससे मौके पर शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए मनीष रावल, रोहित, संतोष मियां और अभिषेक को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार युवक
- मनीष रावल (35) पुत्र अनिल रावत, निवासी बांसवाड़ा, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल।
- रोहित (29) पुत्र इन्दर सिंह, निवासी चौरास, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल।
- संतोष मियां (25) पुत्र सुन्दर सिंह, निवासी चौरास, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल।
- अभिषेक (26) पुत्र कौशल किशोर उनियाल, निवासी देहरादून।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल महावीर राणा, हेड कांस्टेबल दिनेश चौधरी और कांस्टेबल प्रवीण खत्री शामिल रहे।






