कीर्तिनगर। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आठ अगस्त को हल्द्वानी रामलीला मैदान में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के बाद भाजपा समर्थकों द्वारा गंगाजल छिड़कने, मंत्रोच्चारण और हवन के माध्यम से कथित शुद्धिकरण किए जाने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कीर्तिनगर में प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश बर्तवाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार में रैली निकालने के बाद बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के नीचे सत्याग्रह कर विरोध दर्ज कराया।

देवप्रयाग जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि सार्वजनिक कार्यक्रम के बाद किसी स्थान का कथित शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक समानता और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों का अपमान है। कहा कि कांग्रेस सामाजिक समानता, भाईचारे और संविधान के मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी। कहा कि भाजपा की कथित दलित विरोधी मानसिकता को जनता के बीच रखने के लिए दोनों विधानसभा क्षेत्रों में गांव-गांव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।प्रदेश कांग्रेस कार्यकारिणी सदस्य श्यामलाल आर्य ने आरोप लगाया कि इस घटना से दलित समाज का अपमान हुआ है। कहा कि यदि भाजपा के दलित नेता और मंत्री समाज के प्रति संवेदनशील हैं तो उन्हें इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने खजान दास, रेखा आर्य, शक्तिलाल शाह और सरिता आर्य सहित भाजपा के दलित नेताओं से इस्तीफे की मांग की।कांग्रेस के अंकित सिंह और नीति राज ने भाजपा पर दलित विरोधी मानसिकता रखने का आरोप लगाते हुए कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता का अधिकार देता है और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।मौके पर अर्जुन गोदियाल, राजेंद्र सिंह चंद, राजेंद्र बुटोला, करण, केशव, अतुल, प्रदीप थपलियाल, मोहन सिंह, सुनील कुमार, इंद्रमणि, अजय पाल, दिनेश भट्ट, दीपक, पुरुषोत्तम, किशन लाल, भगत राम, रविंद्र लिंगवान, गामा सिंह, वीरेंद्र सिंह राणा, बुद्धि राम, अमर सिंह, शंकर लाल अनुज, आशीष, आशुतोष रावत आदि मौजूद रहे।






