रुद्रप्रयाग। बरसात के बाद मंगलवार को केदारनाथ धाम की यात्रा के दूसरे चरण में हेली सेवाओं ने फिर उड़ान भरनी शुरू कर दी। सुबह मौसम साफ होते ही केदारघाटी के हेलीपैडों से हेलीकॉप्टरों की आवाजाही शुरू हो गई। आसमान में गूंजती हेलीकॉप्टरों की आवाज और हेलीपैडों पर बढ़ी श्रद्धालुओं की चहल-पहल से केदारघाटी एक बार फिर गुलजार नजर आई। हेली सेवा बहाल होने के साथ ही केदारनाथ यात्रा में भी तेजी आने की उम्मीद है।
यात्रा के दूसरे चरण के लिए 15 सितंबर से हेली सेवा शुरू की गई है। उड़ान संचालन से पहले नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) की ओर से संबंधित हेली कंपनियों की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी मानकों का निरीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों की जांच और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ही कंपनियों को उड़ान भरने की अनुमति दी गई।
तीन सेक्टर, आठ कंपनियां और आसमान में दौड़ेंगे हेलीकॉप्टर
केदारनाथ धाम के लिए केदारघाटी के तीन सेक्टरों से आठ हेली कंपनियां सेवाएं दे रही हैं। गुप्तकाशी सेक्टर से ट्रांस भारत और चिप्सन हेली, फाटा सेक्टर से थम्बी हेली, राजश हेली एविएशन, यूनाइटेड हेली और पिलग्रिम हेली एविएशन तथा शेरसी सेक्टर से हिमालय हेली और एरो एविएशन उड़ानों का संचालन कर रही हैं।
15 से 30 सितंबर तक टिकटों की बंपर मांग
दूसरे चरण में 15 से 30 सितंबर तक 16 दिनों के लिए ऑनलाइन हेली टिकट जारी किए गए हैं। इन सभी दिनों के टिकट पूरी तरह बुक हो चुके हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए श्रद्धालुओं में हेली सेवा को लेकर किस कदर उत्साह है।
यूकाडा ने यात्रियों को साइबर ठगी और फर्जी टिकट से बचने के लिए केवल अधिकृत आईआरसीटीसी वेबसाइट के माध्यम से ही टिकट बुक करने की सलाह दी है। अनधिकृत वेबसाइट, एजेंट अथवा सोशल मीडिया पर उपलब्ध लिंक से टिकट बुक नहीं करने की अपील की गई है।
बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों को बड़ी राहत
हेली सेवा शुरू होने से बुजुर्ग, दिव्यांग और पैदल यात्रा करने में असमर्थ श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। कम समय में बाबा केदार के दर्शन करने के इच्छुक यात्रियों के लिए भी हेली सेवा अहम विकल्प है। हेली सेवा के दोबारा शुरू होने से केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है।






