श्रीनगर । देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 7.65 किलोमीटर लंबे सिलेथी–पंवार गांव मोटर मार्ग (स्टेज-1 एवं 2) के निर्माण का मंगलवार को शिलान्यास किया गया। विधायक विनोद कंडारी ने परियोजना की आधारशिला रखी। सड़क के निर्माण और पांच वर्षों के अनुरक्षण के लिए 8.84 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत की गई है।
विधायक कंडारी ने कहा कि सड़क किसी भी क्षेत्र के विकास की जीवनरेखा होती है। इस मार्ग के बनने से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि देवप्रयाग विधानसभा के हर गांव को बेहतर सड़क और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है।

शिलान्यास कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख विनोद बिष्ट, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र रावत, पिंकी लीगवाल, जे.पी. चंद समेत जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सड़क परियोजना की स्वीकृति और शिलान्यास पर विधायक व सरकार का आभार जताया।






