कीर्तिनगर,। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कीर्तिनगर में धरना-प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इंदिरा गांधी पार्क से नए पुल तक मार्च निकालकर नारेबाजी की, जबकि नए पुल पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त और प्रधानमंत्री के पुतले का दहन कर विरोध जताया गया।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भेजा। जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता, निष्पक्षता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा लोकतंत्र की बुनियादी आवश्यकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया में बदलाव से लेकर मतदाता सूची के पुनरीक्षण तक कई मुद्दों पर कांग्रेस लगातार सवाल उठाती रही है।
असवाल ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया गया है। उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयुक्तों की ओर से भी मुख्य निर्वाचन आयुक्त को चुनाव और एसआईआर के दौरान फॉर्म-6 से संबंधित कथित गड़बड़ियों को लेकर पत्र भेजे गए, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी की।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश बर्त्वाल ने कहा कि कांग्रेस की ओर से निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में विरोध-प्रदर्शन किए जा रहे हैं। कहा कि पार्टी राष्ट्रपति से निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित उठाए जा रहे सवालों का संज्ञान लेने तथा लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग कर रही है।मौके पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्यामलाल आर्य, मोहनानंद डोभाल, सेवादल जिलाध्यक्ष राजेंद्र सिंह चंद, ब्लॉक अध्यक्ष मलेथा राजेंद्र सिंह बुटोला, नगर अध्यक्ष प्रदीप थपलियाल, अंकित सिंह, प्रताप भंडारी, अरविंद सजवाण, रामलाल नौटियाल, अर्जुन गोदियाल, दिनेश स्नेही, अनिल थपलियाल, आशुतोष रावत और उदय रावत आदि मौजूद रहे।






