श्रीनगर । सेवा संकल्प अभियान के तहत पाबौ विकासखंड के चिपलघाट में सोमवार को बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर में पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान और स्वास्थ्य समेत 15 विभागों ने स्टॉल लगाए। इस दौरान तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट, तीन महिलाओं को पोषण किट तथा ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दो महिलाओं को सिलाई मशीन के लिए 30-30 हजार रुपये के चेक वितरित किए गए।
इसके बाद मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र जितोली में ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में भाग लेकर मातृ-शिशु स्वास्थ्य और बच्चों के पोषण पर चर्चा की। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में चित्रकला प्रदर्शनी और भाषण प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित किया।
डॉ. रावत ने कहा कि पाबौ विकासखंड के अधिकांश राजस्व ग्राम सड़क से जुड़ चुके हैं, जबकि शेष तीन तोकों के लिए एस्टीमेट तैयार किया जा रहा है और मार्च तक उन्हें भी सड़क सुविधा से जोड़ने का प्रयास होगा।
शिविर में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






